नई दिल्ली, 08 अप्रैल । कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को राजस्थान के जयपुर में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के साथ लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के न्याय घोषणा पत्र को जारी कर विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी को जोरदार तरीके से निशाने पर लिया।
जनसभा में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, कांग्रेस महासचिव भंवर जितेंद्र सिंह, कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली समेत अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
जनसभा में उमड़ी भारी भीड़ से गदगद मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि कांग्रेस पांच न्याय के तहत 25 गारंटी दे रही है। कांग्रेस की सरकार आई तो सभी गारंटियां पूरी की जाएंगी। कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना में गारंटियां दी थीं। कांग्रेस ने अपनी सभी गारंटियां लागू कीं। जबकि मोदी की गारंटी, कुछ न देने और झूठ बोलने की है। मोदी बगैर काम किए सिर्फ क्रेडिट लेते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मोदी ने कांग्रेस के गारंटी शब्द को चुराया है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राजस्थान में किसान परेशान हैं। हजारों लोग आत्महत्या करने पर मजबूर हैं। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी यहां आकर कहते हैं कि अनुच्छेद 370 हटा दिया, इस बात का यहां के लोगों से क्या वास्ता है। मोदी बताएं कि उन्होंने किसानों के लिए क्या किया।
चीन की घुसपैठ पर प्रधानमंत्री मोदी को घेरते हुए खरगे ने कहा कि इंदिरा गांधी जी ने पाकिस्तान के दो टुकड़े कर दिए थे और बांग्लादेश को आजाद कराया था। आज यहां चीन हमारी जमीन पर धीरे-धीरे कब्जा कर रहा है। हमारे गांवों के नाम बदल रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी इस मुद्दे पर खामोश रहते हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यह लड़ाई लोकतंत्र और संविधान को बचाने की है। मोदी और आरएसएस के लोग संविधान को बदलना चाहते हैं। भाजपा नेता कहते हैं कि हमें दो-तिहाई बहुमत दो, संविधान बदल देंगे। इसलिए सभी को लोकतंत्र बचाने के लिए, लोगों के अधिकारों के लिए लड़ना होगा।
मोदी की गारंटी कुछ न देने और झूठ बोलने की है
सोनिया गांधी बोलीं- मोदी खुद को महान मानकर देश और लोकतंत्र की मर्यादा का चीरहरण कर रहे हैं
प्रियंका बोलीं- कांग्रेस के न्याय पत्र में देश की जनता को आवाज दी गई
कांग्रेस नेताओं ने जयपुर में न्याय घोषणा पत्र को जारी कर विशाल जनसभा को संबोधित किया
वहीं कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि आज चारों ओर अन्याय का अंधकार बढ़ा है। मोदी सरकार ने देश में बेरोजगारी, महंगाई, आर्थिक संकट, असमानता और अत्याचार को बढ़ावा देने में कोई कसर नहीं छोड़ी। यह देश सिर्फ चंद लोगों की जागीर नहीं है। यह देश हम सबका है। इसे हमारे पुरखों ने अपने खून से सींचा है। इसलिए कांग्रेस के साथी न्याय के दीपक को अपने सीने की आग से जलाएंगे और हजार आंधियों में उसे संभालकर आगे बढ़ेंगे।
सोनिया गांधी ने कहा कि कोई भी देश से बड़ा नहीं हो सकता है। जो ऐसा सोचता है, उसे देश की जनता सबक सिखा देती है। दुर्भाग्य से आज हमारे देश में ऐसे नेता सत्ता में विराजमान हैं। प्रधानमंत्री मोदी खुद को महान मानकर देश और लोकतंत्र की मर्यादा का चीरहरण कर रहे हैं। आज हमारे देश का लोकतंत्र खतरे में हैं। विपक्षी नेताओं को डराने-धमकाने, भाजपा में शामिल कराने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं।लोकतांत्रिक संस्थाओं को राजनीतिक सत्ता के हथियार से बर्बाद किया जा रहा है। यही नहीं, हमारे संविधान को बदलने का षड्यंत्र रचा जा रहा है। पूरे तंत्र में भय बैठाया जा रहा है। यह सब तानाशाही है और हम सब इसका जवाब देंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस के बहादुर और मेहनती साथी अपना फर्ज निभाते हुए न्याय पत्र के एक-एक संकल्प और एक-एक गारंटी को देश के कोने-कोने तक पहुंचाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे।
वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि आज बेरोजगारी चरम पर है, लेकिन मोदी सरकार ने कुछ नहीं किया। मोदी सरकार अग्निवीर योजना लाई, इससे युवाओं की आशाएं टूट गईं। नौजवान मेहनत से पढ़ाई करता है, लेकिन पेपर लीक हो जाते हैं। महंगाई चरम पर है, महिलाओं के लिए घर चलाना मुश्किल हो रहा है। किसान आंदोलन करते हैं, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी सुनवाई नहीं करते हैं। हर चीज पर जीएसटी है, पेट्रोल-डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं।
प्रियंका गांधी ने कहा कि पिछले पांच वर्षों से देश की संपत्ति को बड़े-बड़े उद्योगपतियों को सौंपा जा रहा है। उद्योगपतियों के करोड़ों रुपयों के कर्ज को माफ कर दिया जाता है, लेकिन गरीबों का एक रुपया भी माफ नहीं किया जाता है। आज देश में जितनी भी योजनाएं बन रही हैं, वह केवल बड़े-बड़े उद्योगपतियों के लिए हैं। मोदी सरकार आज पूरे विपक्ष पर हमला कर रही है। दो मुख्यमंत्री जेल में हैं। मोदी कहते हैं कि यह भ्रष्टाचार पर वार है, लेकिन सारे भ्रष्टाचारियों को अपनी पार्टी में इकट्ठा कर रहे हैं। जैसे ही भ्रष्टाचारी भाजपा में जाते हैं, वो पाक-साफ हो जाते हैं। आज देश में संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज देश के किसी वर्ग की सुनवाई नहीं है। इसीलिए कांग्रेस के न्याय पत्र में देश की जनता को आवाज दी गई।
कांग्रेस ने विभिन्न वर्गों के लिए किए हैं कई वादे
कांग्रेस द्वारा जारी किए गए न्याय घोषणा पत्र में युवा न्याय, नारी न्याय, किसान न्याय, श्रमिक न्याय और हिस्सेदारी न्याय शामिल हैं। कांग्रेस ने वादा किया है कि केंद्र में सरकार बनने पर युवा न्याय के तहत हर शिक्षित युवा की पहली नौकरी पक्की और एक लाख रुपये सालाना स्टाइपैंड मिलेगा। 30 लाख सरकारी नौकरियां भरी जाएंगी। पेपर लीक रोकने के लिए कानून और नीतियां बनाई जाएंगी। गिग श्रमिकों के लिए बेहतर काम-काजी नियम बनाए जाएंगे और संपूर्ण सामाजिक सुरक्षा दी जाएगी। नारी न्याय के तहत गरीब परिवार की महिला को सालाना एक लाख रूपये की मदद दी जाएगी। केंद्र सरकार की नई नौकरियों में 50 प्रतिशत महिला आरक्षण दिया जाएगा। आंगनवाड़ी,आशा और मिड डे मील वर्कर को ज्यादा वेतन मिलेगा, केंद्र सरकार का योगदान दोगुना होगा। किसान न्याय के तहत किसानों की कर्ज माफी और एमएसपी की कानूनी गारंटी दी जाएगी। फसल नुकसान पर 30 दिन के अंदर सीधे खाते में पैसा ट्रांसफर होगा। किसानी के लिए जरूरी हर चीज से जीएसटी हटेगी। श्रमिक न्याय के तहत मनरेगा में 400 रुपये रोज न्यूनतम मजदूरी मिलेगी। सबको स्वास्थ्य अधिकार के तहत गरीबों को 25 लाख रुपये का हेल्थ-कवर मुफ्त में दिया जाएगा। शहरी रोजगार गारंटी में शहरों के लिए भी मनरेगा जैसी नई योजना लाई जाएगी। सामाजिक सुरक्षा के तहत असंगठित मजदूरों के लिए जीवन और दुर्घटना बीमा दिया जाएगा। सुरक्षित रोजगार के तहत मुख्य सरकारी कार्यों में कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम मजदूरी बंद होगी। हिस्सेदारी न्याय के तहत सामाजिक-आर्थिक समानता के लिए जातीय जनगणना होगी। संवैधानिक संशोधन द्वारा 50 प्रतिशत आरक्षण की सीमा हटाकर एससी, एसटी, ओबीसी को आरक्षण का पूरा हक दिया जाएगा। इनके अलावा भी कांग्रेस ने कई वादे किए हैं।