———————-
भारत समिट में राहुल गांधी ने भारतीय लोकतंत्र को बचाने की अपील की.
—————–
भारत समिट में बोले राहुल गांधी- भारतीय लोकतंत्र वैश्विक धरोहर, इसे बचाना दुनियाभर के लोकतांत्रिक आंदोलनों के लिए जरूरी
कहा- जब गिने-चुने उद्योगपति सरकार के मालिक बन जाते हैं, तो जनता की आवाज दब जाती है
चुनावों में हो रही धांधली और एसआईआर में 13 प्रतिशत भारतीय वोटरों को हटाने का मुद्दा भी उठाया
नई दिल्ली, 14 नवंबर
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि भारत का लोकतंत्र एक वैश्विक सार्वजनिक धरोहर है और दुनिया को इसके जीवित रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जब कुछ उद्योगपति सरकार के मालिक बन जाते हैं, तो जनता अपनी आवाज खो देती है। कांग्रेस लोकतंत्र को सत्य, अहिंसा और प्रेम के रास्ते बचाएगी, नफरत, डर और गुस्से से नहीं।
तेलंगाना के हैदराबाद में प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित भारत समिट में राहुल गांधी ने अपने संबोधन की शुरुआत उन प्रतिनिधियों से माफी मांगते हुए की, जिन्हें भारत सरकार ने कार्यक्रम में शामिल होने की अनुमति नहीं दी। उन्होंने कहा कि इससे पता चलता है कि भारत में लोकतंत्र के सामने किस तरह की चुनौतियां हैं। इस दौरान तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष महेश कुमार गौड़, पार्टी के विदेश मामलों के विभाग के चेयरमैन सलमान खुर्शीद समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद थे।
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर देश में लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि दुनियाभर में फासीवादी ताकतें सच, अहिंसा और प्यार से ही हारेंगी। उन्होंने कहा कि फासीवादी ताकतें चाहे कितनी भी संस्थाओं को नियंत्रित करें, उनके पास कितना भी पैसा हो या वे कितने भी ताकतवर हों, भारत के लोगों से सीधा जुड़ाव उनके किसी भी काम से ज्यादा शक्तिशाली है। उन्होंने कहा कि देश में विपक्ष मोदी सरकार को हराने जा रहा है और यह तय हो चुका है। उन्होंने दिल्ली में हुए प्रदर्शनों का हवाला देते हुए कहा कि इसे देश की सड़कों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डर में रूप में देखा जा सकता है।
राहुल गांधी ने कहा कि उनके खिलाफ 45 मामले दर्ज हैं और विपक्ष के कई नेताओं को अलग-अलग राज्यों में कानूनी मामलों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे हालात में कांग्रेस ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा निकालकर जनता से सीधे संवाद स्थापित किया। उन्होंने कहा कि मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुंचने की एक सीमा है, लेकिन जब नेता सीधे लोगों के बीच जाता है और उनकी समस्याएं सुनता है तो उसका प्रभाव अलग होता है।
चुनावों में रही धांधली और एसआईआर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में मतदान करने वाले लगभग 14 करोड़ लोगों को कुछ ही महीने पहले गैर-मौजूद या गैर-मतदाता घोषित कर दिया गया। उन्होंने सवाल किया कि 13 प्रतिशत भारतीय वोटरों को चुनाव आयोग ने गैर-कानूनी घोषित कर दिया है, तो 2024 का लोकसभा चुनाव कैसे कानूनी हो सकता है?
प्रधानमंत्री के मित्र उद्योगपति गौतम अडानी का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि देश में राजनीतिक व्यवस्था पर बड़े पूंजीपतियों का प्रभाव बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने से पहले अडानी दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में 600वें स्थान पर थे, लेकिन कुछ वर्षों में वे विश्व के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बन गए थे। उन्होंने कहा कि हवाई अड्डों, बंदरगाहों, पुलों, सीमेंट, रक्षा और बुनियादी ढांचे जैसे क्षेत्रों में अडानी समूह की मौजूदगी लगातार बढ़ी है। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में भाजपा की संपत्ति में 11 गुना वृद्धि हुई है, जिससे राजनीतिक प्रतिस्पर्धा असमान हो गई है। उन्होंने कहा कि यह राजनीति और व्यापार के मेल से संभव हुआ। व्यापार और राजनीति तथा अडानी और मोदी के बीच विभाजन रेखा पूरी तरह मिट चुकी है।
