टोपी लगाकर, जाति बताकर और जनेऊ दिखाकर वोट लेने का समय गया
लखनऊ 5 जनवरी। राज्यसभा सांसद एवं यूपी के पूर्व उपमुख्यमंत्री यूपी डा दिनेश शर्मा ने कहा कि देश में अब बहुरूपिया राजनीतिज्ञों की राजनीति नहीं चलने वाली है। विपक्षी चुनाव के समय में मीठी बाते करके , टोपी लगाकर, जाति बताकर और जनेऊ दिखाकर वोट ले लेते थे । अब वह समय चला गया है। देश में अब सेवा के लिए तत्पर रहने वालों की राजनीति ही सफल होगी। देश में किसी भी धर्म का एक भी आदमी भाजपा सरकार पर योजनाओं का लाभ देने में भेदभाव करने का आरोप नहीं लगा सकता है।
ममता चेरिटेबिल ट्रस्ट द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की जयंती एवं भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष मुरली मनोहर जोशी के जन्म दिवस पर आयोजित कंबल वितरण कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल चुनावी राजनीति करना और सत्ता प्राप्त करना नहीं हैै। पार्टी के लिए सेवा ही परम धर्म है। लखनऊ के सांसद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राजधानी का कायाकल्प किया है।

सांसद ने कहा कि राजधानी लखनऊ के लोग अपने कठिन समय में मदद के लिए भाजपा के कार्यकर्ताओं को खोजते हैं। क्योंकि वे लोग बिना किसी भेदभाव के लोगों की मदद कर रहे हैं। भाजपा पर भेदभाव का आरोप लगाने वालो को देखना चाहिए कि किसान सम्मान निधि से लेकर मकान , शौचालय , गैस का चूल्हा , आयुष्मान कार्ड से उपचार की व्यवस्था करते समय पार्टी अथवा पार्टी के कार्यकर्ता ने कभी किसी की जाति अथवा धर्म नहीं पूछा है। बिना भेदभाव के मदद की है और यहीं भाजपा की पहचान है।
डा शर्मा ने कहा कि भारत अब बदल चुका है। मोदी सरकार ने जी राम जी बिल लाकर गरीबों को 125 दिन के रोजगार की गारन्टी दी है। अब घर में ही रोजगार की व्यवस्था कर दी है तथा रोजगार के लिए पलायन नहीं करना पडेगा। कांग्रेस ऐसे जनहितकारी बिल का विरोध कर रही है। केन्द्र सरकार अब जनता को अधिक पैसे देगी। वह गरीब के जीवनस्तर को उठाना चाहती है। कांग्रेस को जनता की भलाई रास नहीं आती है। जी राम जी बिल गरीबों के लिए अमृत की तरह है। केन्द्र सरकार दीनदयाल जी के बराबरी के सिद्धान्त को अमलीजामा पहना रही है। अलग-अलग कार्यक्रमों में नगर भाजपा अध्यक्ष श्री आनंद द्विवेदी भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष श्री राजीव मिश्रा पार्षद श्री गिरीश गुप्ता, साकेत शर्मा, कृष्ण कुमार लोधी श्री कृष्णा लोधी अनु मिश्रा राजीव बाजपेई सहित भारी संख्या में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता एवं नागरिक गण उपस्थित थे। नगर निगम के सामने स्वर्गीय कल्याण सिंह जी की मूर्ति को माल्यार्पण कर जनसभा की गई तथा डॉ मुरली मनोहर जोशी के जन्म दिवस पर राजेंद्र नगर डी ए वी कॉलेज के सामने कंबल तथा ट्राई साइकिल का वितरण किया गया।
